रीवा: मंगलवार 11 अगस्त को आयोजित संभागीय जनसुनवाई में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह के निर्देश पर ग्राम अमवा के ग्रामीणो की हैंडपंप से पानी न मिलने संबंधी समस्या का निराकरण हुआ. पीएचई विभाग ने ग्राम अमवा पहुंचकर हैंडपंप सेट लगाकर हैंडपंप चालू कर दिया है, जिससे ग्रामीणों की पेयजल की समस्या का निराकरण हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अगस्त को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पंचायत अमवा के ग्रामीणों ने शासकीय हैंडपंप के संबंध में समस्या लेकर पहुंचे थे. उन्होंने कमिश्नर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत अमवा में शासकीय हैंडपंप में बोरवेल डाली गई है. हैंडपंप अतिक्रमण की चपेट में है.
हैंडपंप से अतिक्रमण हटाकर उन्हें सुविधाजनक रूप से पानी उपलब्ध कराया जाए. कमिश्नर के निर्देश पर मंगलवार को ही पीएचई विभाग का अमला जिसमे एसडीओ एवं उपयंत्री पीएचई, बीसी पीएचई शामिल थे, यह सभी ग्राम पंचायत अमवा पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान हैंडपंप स्थल में अतिक्रमण पाया गया. पीएचई विभाग के अधिकारियों ने तत्काल सरपंच एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में हैंडपंप को अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए शासकीय हैंडपंप सेट लगाकर हैंडपंप चालू कर दिया. जिससे अब ग्राम अमवा के ग्रामीणों को हैंडपंप से पानी की प्राप्ति होने लगी है. ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत का निराकरण कर दिया गया है. ग्रामीणों ने कमिश्नर एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या का निराकरण करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया है
