बारिश होते ही जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के वार्ड में हुआ पानी-पानी

सीधी। बारिश होते ही जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग का वार्ड पानी-पानी हो गया। लोक निर्माण विभाग पीआईयू द्वारा किया गया अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। भवन में जलभराव की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन ने विभाग और संविदाकार को पत्र लिखा।

बताते चलें कि आज सुबह करीब 9 बजे से एक घंटे तक मूसलाधार बारिश होने पर जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के तीसरी मंजिल के वार्डों में जलभराव हो गया। नई बिल्डिंग के तीसरी मंजिल के बरामदों एवं वार्डों के अंदर पानी ही पानी नजर आने लगा। मरीज के बेड के नीचे करीब आधा फुट पानी भर गया। ऐसे में मरीजों के परिजन काफी परेशान नजर आये। उनके द्वारा इसकी शिकायत तत्काल अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों एवं कर्मचारियों से की गई। नई बिल्डिंग में इतना ज्यादा जलभराव हो गया था कि उससे निजात पाने के लिये कोई तरीका समझ में नहीं आ रहा था। मरीजों एवं उनके परिजनों को सबसे ज्यादा समस्याओं से जूझने की मजबूरी निर्मित हो गयी।

दरअसल जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के तीसरी मंजिल के छत से पानी नहीं आ रहा था बल्कि चारों तरफ खुली खिड़कियां एवं बरामदों की ओर से पानी की तेज बौछारों के आने के कारण यहां जलभराव की स्थिति गंभीर रूप से निर्मित हो गई थी। गनीमत यह रही कि करीब 4 घंटे तक बारिश थमी रही। इसके बाद भरे पानी को बाहर करने का प्रयास शुरू किया गया। दोपहर करीब 2 बजे से फिर एक घंटे तक तेज बारिश होने पर फिर समस्या गंभीर हो गई। बाद में हल्की बारिश का दौर बना रहा। चर्चा के दौरान मरीजों के परिजनों का कहना था कि जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील वार्डों में बारिश का पानी इतनी मात्रा में आना काफी चिंता की बात है। स्पष्ट है कि भवन के निर्माण के दौरान इंजीनियरों द्वारा इसको पूरी तरह से नजर अंदाज किया गया। जिसके कारण यह बड़ी समस्या खड़ी हुई। अब भी आकाश में घने बादलों के उमडऩे का सिलसिला चल रहा है। यदि देर रात इसी तरह बारिश हुई तो उस दौरान और भी ज्यादा फजीहत शुरू हो जायेगी। नई बिल्डिंग में तेज बारिश के बाद जलभराव काफी ज्यादा होने की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन ने तत्काल विभाग और संविदाकार को पत्र लिखकर जानकारी दी गई कि मरम्मत के दौरान नई बिल्डिंग में जो तोड़-फोड़ किया गया है उसके चलते तेज बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप से खड़ी हो गई है। जिसको जल्द से जल्द दूर कराया जाय।

मरीज के परिजन की जुबानी, अस्पताल में जलभराव की कहानी

जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के बच्चा वार्ड में मरीज पुत्री को भर्ती किये पप्पू सिंह गहरवार ने अस्पताल में जलभराव की कहानी बताते हुए कहा कि आज बारिश शुरु होते ही बिल्डिंग में पानी का भराव शुरू हो गया और देखते-देखते पानी बच्चा वार्ड में भी भर गया। वार्ड में पानी के भराव से मरीजों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

इनका कहना है

जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में पानी भरने की जानकारी नवभारत के माध्यम से मिली है । पानी भरने के कारणों की जानकारी लेकर उक्त समस्या का जल्द ही समाधान किया जायेगा।

कुशल सिंह परते, प्रभारी ईई पीडब्ल्यूडी (पीआईयू)-सीधी

जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के वार्ड में पानी भरने की जानकारी मिलने पर पता किया गया तो बताया गया कि बिल्डिंग के तीसरी मंजिल में लोक निर्माण विभाग पीआईयू सीधी के संविदाकार द्वारा कार्य के दौरान जो तोड़-फोड़ की गई जिसके कारण बारिश के दौरान अस्पताल की बिल्डिंग और वार्ड में पानी आ रहा है। जिसके सुधार हेतु विभाग एवं संविदाकार को पत्र लिखा गया है।

डॉ.एस.बी.खरे, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक-सीधी

Next Post

राजेंद्रग्राम से गोपालपुर जा रही थी बस पलटी,यात्री सुरक्षित

Fri Jul 25 , 2025
अनूपपुर।जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब राजेंद्रग्राम से गोपालपुर जा रही एक यात्री बस लखौरा के पास स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बस में सवार सभी […]

You May Like