
जबलपुर। मंगलवार जनसुनवाई में पहुंचे एक पीड़ित ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उसकी संपत्ति पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज कर दिया है, जिसके कारण वह उस संपत्ति को बेच नहीं पा रहा है। उमरिया पिपरिया निवासी महेश यादव पिता भरोसा यादव ने बताया कि उसकी संपत्ति मौजा कोसमघाट, प.ह.नं. 154 (पिपरिया कला), तह व जिला जबलपुर में है। जिस पर उसके एवं उसके परिवार का नाम दर्ज है। उक्त संपत्ति को उसके एवं उसके परिवार के किसी भी सदस्य द्वारा ताहिरा बेगम पति हिफाजत को कभी विक्रय पत्र या अन्य किसी रजिस्टर्ड दस्तावेज के माध्यम से हस्तांतरण नहीं किया गया है। लेकिन उसके बावजूद भी ताहिरा बेगम पति हिफाजत का नाम त्रुटिवश भू अभिलेखों में चढ़ाया गया है। जिसके कारण वह मानसिक व आर्थिक रूप से बहुत ही ज्यादा ही परेशान है। उसने बताया कि उसके परिवार का एक सदस्य बहुत ही ज्यादा बीमार है। जिसके इलाज के लिए उसे पैसों अत्यंत आवश्यकता है। जिसकी पूर्ति के लिए वह उस संपत्ति को बेचना चाहता है, इसके अलावा अन्य निजी आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए उसे संपत्ति को बेचना है। लेकिन ताहिरा बेगम पति हिफाजत का नाम उक्त संपत्ति के राजस्व अभिलेखों में दर्ज होने के कारण वह उक्त संपत्ति को बेच नहीं पा रहा है। पीड़ित के द्वारा सीएम हेल्पलाइन और कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई भी निराकरण नहीं हुआ है । इसके अलावा उक्त शिकायत को तहसीलदार, एसडीएम एवं पटवारी को संज्ञान दिया जा चुका है। लेकिन अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है।
