जम्मू 23 जुलाई (वार्ता) भारतीय सेना ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा इलाके में अचानक आयी बाढ़ के बीच एक द्वीप पर फंसे किशोर को बचाया।
रक्षा प्रवक्ता ने यहां बताया कि लड़का नौशेरा तवी नदी में भारी बाढ़ के कारण फंस गया था। उसे निकालने के लिए भारतीय सेना को बचाव अभियान के लिए बुलाया गया था और व्हाइट नाइट कोर के आर्मी एविएशन के पायलटों ने मौके पर पहुँचकर खराब मौसम के बावजूद तुरंत उड़ान भरी।
उन्होंने बताया कि पायलट खराब मौसम की स्थिति को पार करते हुए बचाव स्थल पर पहुंचे और नौशेरा तवी के बीचों-बीच नीचे की ओर उड़ान भरी, जहां किशोर अपनी जान के लिए संघर्ष कर रहा था।
भारतीय सेना के पायलटों ने एक बार फिर तारों की बाधाओं, उफान पर चल रही नदी और स्पष्ट लैंडिंग स्थल न होने के बावजूद असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया और फिर किशोर को बचाकर नदी के किनारे सुरक्षित पहुंचाया।
