नयी दिल्ली 23 जुलाई (वार्ता) भारत और इजराइल ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एक संस्थागत ढांचा विकसित करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की है।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को यहां इज़राइल रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अमीर बरम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने रक्षा संबंधों को और गहरा करने के लिए एक संस्थागत ढांचा विकसित करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की।
इज़राइली महानिदेशक ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। रक्षा सचिव ने आतंकवाद के प्रति भारत के शून्य सहिष्णुता के दृष्टिकोण को दोहराया और इज़राइल में अक्टूबर 2023 को हुए आतंकवादी हमलों की निंदा की और सभी बंधकों की रिहाई का आह्वान किया।
दोनों पक्षों ने पिछले वर्ष जुलाई में भारत में आयोजित संयुक्त कार्य समूह की बैठक के बाद रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की।
