छतरपुर। महिला सुरक्षा शाखा और जीआरपी पुलिस द्वारा महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन पर “मैं हूं अभिमन्यु-3” जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को महिलाओं पर घटित होने वाले अपराधों और उनसे सुरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित किए गए और स्टेशन परिसर में चस्पा किए गए।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर नियंत्रण, लिंगभेद समाप्त करना और युवाओं को समान अवसर देने के साथ समाज के सभ्य निर्माण में सहभागी बनाना है। जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों, कॉलोनियों और नवरात्रि पंडालों में भी चलाया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम में महिला सुरक्षा शाखा से प्रधान आरक्षक रमेश सिंह, प्रधान आरक्षक किशोर नायक, आरक्षक राजेंद्र यादव और जीआरपी पुलिस सहायता केंद्र छतरपुर से सहायक उप निरीक्षक बी एल कौल, प्रधान आरक्षक सुरेश तिवारी, आरक्षक निशांत पाठक, दीपक पटेल, नंद कुमार केवट, राजा यादव एवं अनिल उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से जनता और यात्रियों को महिलाओं के प्रति अपराधों से बचाव, सहयोग और सम्मान का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान निरंतर जारी रहेगा और समाज में समानता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।
