इटारसी। नगर पालिका इटारसी ने नवरात्र के अवसर पर स्थापित होने वाली प्रतिमाओं के सुरक्षित और सुचारु विसर्जन के लिए विशेष तैयारियों की जानकारी दी है। इस क्रम में नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने इंजीनियर आदित्य पांडे के साथ कुंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार नवीन चौहान भी उपस्थित थे।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि इस वर्ष प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृतिम कुंड बनाया गया है। इस कुंड में नर्मदा का पवित्र जल भी डाला गया है, ताकि विसर्जन पारंपरिक रीति के अनुसार संपन्न हो सके। कुंड का निर्माण इस तरह किया गया है कि प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
विसर्जन की प्रक्रिया हाइड्रा मशीन से पूरी की जाएगी, जिससे भारी प्रतिमाओं का उठाना और कुंड में डालना आसान होगा। नगरपालिका ने इस प्रक्रिया को देखते हुए पुलिस सुरक्षा की भी व्यवस्था की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही, कुंड और आसपास के क्षेत्र में रोशनी की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात में भी विसर्जन सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न हो सके।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि इस वर्ष नवरात्र उत्सव के दौरान प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षा, सुविधा और पारंपरिक रीति का ध्यान रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन की दी गई निर्देशों का पालन करें और विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखें।
नगरपालिका का यह प्रयास न केवल पर्यावरण के प्रति संवेदनशील है, बल्कि भक्तों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित विसर्जन अनुभव भी प्रदान करता है।
