
कटनी। बड़वारा के ग्राम कांटी में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब खेत में मोटर लगाते वक्त किसान की करंट लगने से मौत हो गई। किसान को इस हालत में देख आसपास खेत में काम कर रहे किसान पहुंच गए, जिनकी सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम कांटी बड़वारा जिला कटनी में रहने वाले किसान बाराती चौधरी उम्र 40 वर्ष आज पानी लगाने के लिए खेत में पहुंचे। बाराती ने जैसे ही मोटर चालू करने बिजली का तार पकड़ा तभी करंट का जोरदार झटका लगा और उनकी मौत हो गई। किसान को गिरते देख आसपास के किसानों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिन्होने बाराती चौधरी को शासकीय अस्पताल पहुंचाया, वहां पर भी डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बाराती चौधरी अविवाहित थे, वह अपने पिता बैसाखू चौधरी के साथ ही रहते थे। पिता व पुत्र दोनों ही खेती किसानी करके अपना जीवन गुजार रहे थे।
