
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 74वीं बैठक सोमवार को महाप्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। हिंदी दिवस पर महाप्रबंधक ने कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को प्रेरणा और प्रोत्साहन के जरिए लगातार बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रचार-प्रसार सामूहिक जिम्मेदारी है और निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने विभागाध्यक्षों, मंडलों और कारखानों के कार्यालय प्रमुखों से राजभाषा संबंधी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। बैठक में पश्चिम मध्य रेल की त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका राजभाषा सरिता के 58वें अंक का विमोचन भी किया गया।
मनाया जा रहा है राजभाषा पखवाड़ा
बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष ने मुख्यालय, मंडलों और कारखानों में हिंदी साहित्यकारों की जयंती, हिंदी कार्यशालाओं सहित राजभाषा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय में 14 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसका समापन 7 अक्टूबर को महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में होगा। इस दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करने के साथ कवि सम्मेलन भी होगा। बैठक का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी संतलाल मर्सकोले ने किया। इस दौरान समिति के सदस्य, विभागाध्यक्ष, मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक और कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक ऑनलाइन शामिल हुए और हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए सुझाव रखे।
