शिवपुरी: जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के बेटे राकेश लोधी पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि विधायक पुत्र अपने साथियों के साथ बंदूक लेकर पहुंचा और करीब 7 से 8 लाख रुपए की मछलियां लूट ले गया। पुलिस सत्ता के दबाव में एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।
मोहित अग्रवाल ने बताया कि ग्राम गुत्तोरा निवासी मन्नूलाल केवट ‘मां बीजासन देवी मछुआ सहकारी समिति के अध्यक्ष हैं। उन्हें कलेक्टर शिवपुरी द्वारा वर्ष 2022 से 2032 तक बुधाना जलाशय पर मछली पालन का पट्टा दिया गया है। वे वैध रूप से वहां मछली पालन करते हैं।आरोप है कि विधायक पुत्र राकेश लोधी 8-10 हथियारबंद साथियों के साथ जलाशय पर पहुंचे।
उन्होंने समिति के लोगों को डरा-धमकाकर मछली पकड़ने से रोका। इसके बाद उन्होंने खुद 4-5 दिन तक मछलियां पकड़ीं और पिकअप वाहन में भरकर ले गए। कांग्रेस ने घटना का एक वीडियो भी जारी किया है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित मन्नूलाल ने खनियाधाना थाना, एसपी और ग्वालियर डीआईजी तक शिकायत की, लेकिन विधायक का बेटा होने के कारण पुलिस कार्रवाई से बच रही है।
