सिंगरौली: लगातार हो रही बारिश ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग की बदहाली को और उजागर कर दिया है। शुक्ला मोड़ के आगे रेलवे अंडरपास के आसपास सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश का पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालक दुर्घटना के साथ वाहन फंसने की समस्या से जूझ रहे हैं। मार्ग की खराब हालत के चलते आवागमन प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बन रही है।
सोमवार देर शाम सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। पानी से भरे क्षतिग्रस्त हिस्सों से निकलने में वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और यातायात की रफ्तार पूरी तरह धीमी हो गई। स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी जाम के कारण परेशानी उठानी पड़ी। वहीं बरगवां की ओर से सिंगरौली आने वाले कई लोगों को मार्ग बाधित होने के कारण बैढ़न होकर अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। दिन के समय वाहन चालक किसी तरह गड्ढों का अनुमान लगाकर निकल जाते हैं, लेकिन शाम और रात में पानी भरने के बाद गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता। इससे वाहन फंसने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पहले भी उठ चुका मुद्दा, स्थायी समाधान का इंतजार
स्टेशन मार्ग की बदहाली का मुद्दा पूर्व में भी सामने आ चुका है। रेलवे पुल के नीचे गड्ढों में वाहनों के फंसने और जलभराव की समस्या को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बावजूद स्थायी सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति दोहराती है। केवल मिट्टी-मुरम डालकर गड्ढे भरने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जल निकासी की उचित व्यवस्था के साथ सड़क का स्थायी पुनर्निर्माण जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सुधार की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
