सीहोर। विधायक कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल राउंड में पहुंची आदि इलेवन और सेठी इलेवन क्रिकेट टीमों के खिलाड़ी आंधी तूफान बारिश में उलझकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने में नाकाम रहे. विधायक कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजनकर्ताओं और दोनों क्रिकेट टीमों के कप्तानों के बीच पुरस्कार वितरण को लेकर हल्की नोक झोंक हुई. आखिर विधायक सुदेश राय के निर्देश पर नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजक आकाश पंपु वर्मा द्वारा दोनों टीमों को विजेता घोषित कर दिया गया.
ग्राम बिजोरी में शनिवार रात विधायक सुदेश राय के मुख्य आतिथ्य में भाजपा जिला मंत्री दिनेश मेवाड़ा, पार्षद विशाल राठौर, जनपद सदस्य जितेंद्र वर्मा मंडल महामंत्री हरीश चौधरी की विशेष उपस्थिति में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. विधायक कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजक आकाश पंपु वर्मा और सदस्यों ने आदि इलेवन और सेठी इलेवन क्रिकेट टीमों के कप्तानों और नाइट टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेट खिलाडिय़ों को शील्ड मेडल ट्रॉफी नगद राशि के साथ पुरस्कार प्रदान किए. विधायक सुदेश राय के विशेष संरक्षण में बिजोरी ग्राम पंचायत में आयोजित विधायक कप नाइट टूर्नामेंट क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बीते दिनों समाजसेवी अखिलेश राय और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अजय पटेल की विशेष उपस्थिति में किया गया था.
