
विदिशा। बुधवार को वात्सल्य विद्यालय में गणेशोत्सव का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हुआ। विद्यालय प्रमुख नम्रता अरोरा, रुचिरा अरोरा और संजय शर्मा ने पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेशजी की स्थापना की। इस अवसर पर विद्यालय और कॉलेज के शिक्षक-स्टाफ व छात्र-छात्राओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ आरती संपन्न की।
सांयकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्पेशल डीजी अनिल कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी. सिंह जाटव, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे सहित नगर के गणमान्य नागरिक और पालकगण उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
छात्रों ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे कबूतर स्किट, हनुमान चालीसा, शिव स्तुति, राम सिया राम, माझा बप्पा व बाल गंगाधर तिलक से संबंधित प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और उनके बहुआयामी विकास में सहायक होते हैं।
अंत में विद्यालय संचालक देवना अरोरा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
