
भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल व संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ भाजपा कार्यालय से किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तिरंगा खरीदकर अभियान की शुरुआत की। खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के निर्देश पर 10 से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। 10 से 14 अगस्त तक मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा होगी, जबकि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस व प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। 12 से 14 अगस्त तक स्वच्छता अभियान और 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। अभियान में युवाओं व आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
