
खरगोन। राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत जिले में अवैध गांजे की खेती पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। जिले में लगातार कार्रवाई कर लाखों रुपए मूल्य के गांजे के पौधे जब्त किए जा रहे है। यह खेती पारंपरिक फसलों की आड़ में हो रही है। पुलिस सुदुर इलाकों में भी फैलते इस कारोबार पर नकेल कसने में जुटी है।
बिस्टान थाना पुलिस ने अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लाख 45 हजार रुपए कीमत के 2230 गांजे के हरे पौधे जब्त किए है। यह कार्रवाई ग्राम महुमांडली में की गई। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर कीे सूचना पर ग्राम महूमाण्डली के रहने वाले तेरसिंह के गिट्टी खदान के पास, माता मंदिर के सामने स्थित उसके कब्जे वाले खेत में दबिश दी गई। मौके पर तेरसिंह पिता जुवानसिंह रंधावे निवासी डोल फाटा ग्राम महूमाण्डली खेत की निगरानी करते पकड़ा गया। सर्चिंग के दौरान खेत से 1269 किलोग्राम वजनी पौधे उखाड़कर जब्त किए गए। आरोपी का पुलिस रिकार्ड खंगलने पर पूर्व से थाना बिस्टान पर एनडीपीएस एक्ट प्रकरण पाया गया।
इधर गोगावां पुलिस ने जब्त किए साढ़े 4 लाख के पौधे
गोगावां थाना पुलिस ने भी गांजे की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 63 नग गांजे के हरे पौधे जब्त किए है। यह गांजा कपास फसल के बीच उगाया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार चौकी अहीरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम सोलना के रहने वाले तुकाराम उर्फ कालु के खेत में दबिश दी गई। यहां सर्चिंग के दौरान कपास फसल के बीच हरे गांजे के पौधे पाए गए। टीम ने मौके से तुकाराम उर्फ कालु पिता थापा डावर निवासी सोलना को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में खेत से 4 लाख 50 हजार रुपए कीमत के 63 नग पौधे जब्त किए गए। आरोपी का थाना माधव नगर जिला उज्जैन में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज होना पाया गया।
……………………
