
चले बेल्ट, डंडे और लात-घूंसे पुलिस ने दोनों पक्षों क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की
इंदौर. आजाद नगर इलाके में उस समय तनाव फैल गया जब मस्जिद के बाहर पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों ओर से बेल्ट, लकड़ी के डंडे, लात-घूंसे और कथित तौर पर नुकीले हथियार तक चले. घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सैफ अली खान पिता अब्दुल रशीद नमाज पढ़कर पुरानी जेल के पीछे स्थित मस्जिद से बाहर निकले. तभी फरहान, आरिफ, अल्फेज और अमन ने उन्हें घेर लिया और पुराने विवाद की रिपोर्ट को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी. सैफ के मना करने पर आरिफ ने बेल्ट से उनके सिर पर हमला किया, अल्फेज ने लकड़ी के डंडे से पीठ पर मारा और अमन ने थप्पड़-मुक्कों से हमला किया. जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी. उधर, दूसरे पक्ष के फरियादी अब्दुल रेहान पिता आशिक खान निवासी नेतराम बगीचा ने सैफ अली खान, अहमद, मोइन और दिशान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि चारों ने पुराने रंजिश के चलते उन्हें पीटा और नुकीले हथियार से हमला करने की कोशिश की. आजाद नगर पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. फिलहाल दोनों ओर से घायल पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज व चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की पड़ताल में जुटी है.
