
आरोपी बोले: “आज तो बच गया, अगली बार जान ले लेंगे”
इंदौर. विजयनगर थाना क्षेत्र में एक छात्र पर परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकलते ही जानलेवा हमला किया. दो युवकों ने मिलकर छात्र के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. मामला प्रेस्टिस कॉलेज के बाहर का है, जहां दिनदहाड़े हुई वारदात से अफरा-तफरी मच गई.
19 वर्षीय फरियादी नेवेध्य पिता मुकेश सिरोंजा निवासी ग्राम टोकखुर्द टोक कला, जिला देवास ने विजयनगर पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकला ही था कि आदित्य सिंह परिहार ने उसे रोक लिया. गाली-गलौज करते हुए आदित्य ने कहा तू ग्रुप में क्या बोल रहा था? मुझे समझाने वाला कौन होता है?” इस पर आदित्य ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. तभी उसका एक साथी पीछे से आया और लोहे की रॉड से नेवेध्य के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर से खून बहने लगा. मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसके बाद दोनों आरोपी भागने लगे. जाते-जाते उन्होंने धमकी दी “आज तो बच गया, लेकिन अगली बार जान से खत्म कर देंगे. पुलिस ने आदित्य सिंह परिहार और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. घायल छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस कॉलेज प्रबंधन से भी सीसीटीवी फुटेज मांग रही है ताकि हमलावरों की पहचान और लोकेशन की पुष्टि की जा सके.
