
खरगोन। मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को पहाडिय़ों में बसे सिरवेल महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया। इसके बाद धूपाबुर्जुग स्थित कुंदा नदी उद्गम के स्थल पर पौधरोपण भी किया। इस दौरान मंत्री श्री पटेल ने कहा कि परम सौभाग्य है कि आज कुंदा उद्गम स्थल आने व पूजा-अर्चना करने का अवसर मिला। मैं स्वयं भी नर्मदा परिक्रमा वासी हूं और हमेशा नदियों के उद्गम स्थल पर जाकर उनका महत्व अनुभव करता हूँ। जहां नदी और वृक्ष है , निश्चित वहां हरियाली, समृद्धि, खुशहाली होगी। संगम से जीवन का अस्तित्व है और उसके किनारे रहने वाले लोगों का स्वभाव और व्यक्तित्व भी अलग ही होता है।
उन्होनें कहा कि पौधरोपण के दौरान कहा कि पौधारोपण करना केवल एक औपचारिकता नहीं है, पौधारोपण के बाद उसके संरक्षण की जिम्मेदारी और उस पौधे के प्रति संवेदनशीलता होनी चाहिए। पौधरोपण के दौरान 300 से अधिक विभिन्न प्रजाति के पौधे जिसमें पीपल, नीम, बड़, बरगद आदि शामिल थे।
इस दौरान सांसद गजेंद्र पटेल, ज्ञानेश्वर पाटिल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, पूर्व विधायक धूलसिंह डावर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बाबूसिंह परिहार, जिला अध्यक्ष श्रीमती नन्दा ब्राह्मणे, जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह, एसडीएम बीएस कलेश, श्रीमती आकांक्षा करोठिया सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इसके अलावा श्री पटेल ने कुम्हारबैडी में जिला पंचायत सदस्य केली बाई बिल्लौरसिंह के निवास पर पहुंचकर ग्रामीण संस्कृति और पम्पपरा का अनूठा अनुभव साझा किया। केले के पत्तों पर परोसी गई बाजरे की रोटी और भाजी का भी स्वाद लिया।
