
पटेरा/दमोह।जिले में शासकीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शनिवार को पटेरा विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालयों में पहुंचकर कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, भोजन वितरण व्यवस्था तथा आवश्यक अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। कुछ कमियां मिलने पर विद्यालय प्रभारी को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सुविधाओं एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, टीकाकरण, वजन मापन, रिकॉर्ड संधारण एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
