मेहर लाम, 15 जुलाई (वार्ता) अफगानिस्तान के लाघमन प्रांत में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण 11 लोग घायल हो गये और अनेक घरों को नुकसान पहुंचा । सरकारी समाचार एजेंसी बखतार ने यह जानकारी दी है।
सरकारी समाचार ने बताया कि इस भीषण बाढ़ की चपेट में आकर 525 एकड़ खेत जलमग्न हो गये हैं और 160 मवेशी भी बह गये।
बाढ़ की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की 25 किलोमीटर लंबी सड़कें बह गयी और प्रांत की 700 मीटर लंबी सुरक्षात्मक दीवार भी नष्ट हो गयी।
पिछले सप्ताह नांगरहार प्रांत में आंधी तूफान और अचानक आई बाढ़ से दो लोगों की मौत हो गयी थी और स्थानीय आबादी को काफी नुकसान हुआ था।
देश के मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है जिससे देश के पवर्तीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
देश के विभिन्न हिस्सों में आयी बाढ़ से लोगों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है और इससे जनजीवन भी अस्त व्यस्त हुआ है। इस मौसमी आपदा की वजह से लोगों को एक स्थान से दूसरी जगह आना जाना प्रभावित हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी किसी भी तरह की आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है क्योंकि अनेक हिस्सों में मानसूनी स्थितियां काफी प्रतिकूल बनी हुई हैं।
