
गुना। परशुराम चौराहा के पास स्थित शिव मंदिर को लेकर एक विवादास्पद स्थिति सामने आई है। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर एवं एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि मंदिर को किसी असामाजिक तत्व द्वारा हरे रंग से पोतकर उसे मजार का रूप देने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर हिन्दू समाज में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मंदिर पर भगवान शंकर का पूजन करने पहुंचे भक्तों ने देखा कि मंदिर की दीवारें हरे रंग से रंग दी गई थीं। इसकी जानकारी तत्काल कार्यकर्ताओं को दी गई, जिन्होंने प्रशासन को सूचित किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद रात में ही रंग को साफ कर दिया गया, लेकिन अब तक इस मामले में किसी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई है।
विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष इमरत सिंह सोलंकी, मंत्री राकेश शर्मा और बजरंग दल संयोजक भूपेन्द्र कुशवाह ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। हालांकि, यह उल्लेखनीय है कि परशुराम चौराहा स्थित उक्त स्थल को वर्षों से साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता रहा है। यहां शिवालय और मजार एक ही परिसर में स्थित हैं, और दोनों समुदायों के लोग शांतिपूर्वक वहां आस्था व्यक्त करते रहे हैं। लेकिन हाल की घटना से स्थानीय हिन्दू समाज में असंतोष और चिंता का माहौल है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन भी किया जा सकता है।
