इंदौर:लव जिहाद के लिए फंडिंग के गंभीर आरोपों में फरार चल रहे कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी की गिरफ्तारी के लिए जहां इंदौर पुलिस की टीमें दिल्ली और जम्मू-कश्मीर तक दबिश दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह बर्थडे पार्टी में जश्न मनाते नजर आ रहा है.
वीडियो में कादरी किसी करीबी का जन्मदिन मनाता दिख रहा है, जिसमें सात केक एक साथ काटे जा रहे हैं और आसपास कुछ लोग और भी मौजूद हैं.
यह वीडियो सामने आते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं. अब जांच की जा रही है कि यह वीडियो हाल ही का है या पुराना और इसे कहां शूट किया गया. इस वीडियो को कादरी की लोकेशन तक पहुंचने के एक अहम सुराग के तौर पर देखा जा रहा है. पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य चेहरों की पहचान में भी जुटी है ताकि उनके जरिए कादरी तक पहुंचा जा सके. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सदरबाजार पुलिस ने लव जिहाद के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया था.
जिनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्हें हिंदू लड़कियों से शादी करने के एवज में अनवर कादरी की ओर से पैसे दिए जाते थे. इसी आधार पर पुलिस ने कादरी पर मामला दर्ज किया और उस पर दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है. अब तक उसकी लोकेशन नहीं मिल पाई है, लेकिन वीडियो ने जांच को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की टाइमिंग और लोकेशन का सत्यापन किया जा रहा है, और संभव हुआ तो इसी के जरिए उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है.
