
इंदौर. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, इंदौर की प्राचार्य डॉ. ममता चंद्रशेखर को एक अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है.उन्हें प्रतिष्ठित 28 वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ पॉलिटिकल साइंस में न केवल आमंत्रित किया है, बल्कि वे इस वैश्विक कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता भी करेंगी.
यह आयोजन 12 से 16 जुलाई तक दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में होगा, जिसमें वे अपने शोधपत्र का वाचन भी करेंगी. डॉ. ममता मध्यप्रदेश से इस कॉन्फ्रेंस में प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र सदस्य होंगी. इसके साथ ही वे इस अंतरराष्ट्रीय संगठन की स्थाई सदस्य भी हैं. इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड कांग्रेस में विश्वभर से दो हजार से अधिक राजनीतिक विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और चिंतक भाग लेंगे. हर वर्ष आयोजित होने वाली इस कांग्रेस में राजनीति मनोविज्ञान, लोकतंत्र, मानवाधिकार, राजनीतिक संचार, राजनीति एवं व्यापार, और शक्ति-संरचना जैसे विविध विषयों पर विमर्श होता है. पिछली कॉन्फ्रेंस अर्जेंटीना में आयोजित की गई थी, जबकि आगामी 2026 की मेजबानी फ्रांस करेगा. डॉ. ममता चंद्रशेखर ने इस अवसर को न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि बताया, बल्कि इसे देश और प्रदेश के लिए भी गौरवपूर्ण क्षण माना है.
