
मंडला। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के आह्वान पर बीमा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। बीमा क्षेत्र में नई भर्तियों की मांग और 18 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन किया गया, जिसमें भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के कर्मचारी और पेंशनभोगी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
हड़ताल का असर पूरे मंडला में दिखाई दिया। बीमा कार्यालयों में ताले लटके रहे और सेवाएं पूरी तरह बाधित रहीं।
जबलपुर डिवीजन के अंतर्गत मंडला इकाई से राजेंद्र नेमा, एचएल सिंगोर, बीके संड्या, मुन्नीबाई लाहौरिया, मंगल सिंह धुर्वे, रविंद्र जैन, संत कुमार यादव, श्रीकांत यादव, त्रिलोक सिंधिया, संजय कटारे, पुष्प लता मरकाम, शिवांगी तिवारी, पायल नामदेव, समापिका नियोगी और विष्णु प्रसाद साहू जैसे कर्मचारी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से बीमा क्षेत्र में नई भर्तियां नहीं हो रही हैं, जिससे कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। साथ ही, पेंशनभोगियों और कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी के विरोध में यह देशव्यापी हड़ताल की गई है।
हड़ताल का उद्देश्य सरकार और LIC प्रबंधन पर दबाव बनाकर उनकी मांगों को जल्द से जल्द स्वीकार कराना है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलनात्मक कार्यक्रम जारी रहेंगे।
