
छतरपुर। शांति नगर स्थित गली नंबर 4, बिजावर नाका के पास बीती रात बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 2:30 बजे एक अनियंत्रित ट्रक अचानक बिजली की डीपी और खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर गिर गया और पूरे इलाके में रातभर अंधेरा छा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया और ट्रक को वहीं छोड़ दिया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने जानकारी दी कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही बिजली विभाग की टीम को मरम्मत के लिए बुलाया गया है। देर शाम तक सुधार कार्य शुरू कर दिया गया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंधेरे और बिजली कटौती के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
