बंगलादेश ने श्रीलंका को 244 रन के स्कोर पर रोका

कोलंबो, 02 जुलाई (वार्ता) तसकीन अहमद (चार विकेट) और तंजीम हसन साकिब (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर बंगलादेश ने पहले दिन-रात्रि एकदिवसीय मुकाबले में श्रीलंका की पूरी टीम को 244 रन के स्कोर पर समेट दिया।

आज यहां श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 29 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। आलम यह था कि पथुम निसंका और कामिंडु मेंडिस तो अपना खाता भी नहीं खोल सके। निशान मदुश्का (6) तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। ऐसे संकट के समय बल्लेबाजी करने आये कप्तान चरित असालंका ने कुसल मेंडिस के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई।

29वें ओवर में तनवीर इस्लाम ने कुसल मेंडिस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कुसल मेंडिस ने 43 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 45 रनों की पारी खेली। श्रीलंका का चौथा विकेट जनित लियानगे (29) के रूप में गिरा। उन्हें नजमुल शान्तो ने तंजीम के हाथों कैच आउट कराया। तंजीम का अगला शिकार मिलन रत्नायके (22) बने। वानिंदु हसरंगा (22) को तस्कीन ने आउट किया। इसी दौरान कप्तान चरित असालंका ने अपना शतक पूरा किया। असालंका ने 123 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाते हुए 106 रनों की शानदार पारी खेली। तोहीद हृदोय ने इशान मलिंगा (पांच) को रनआउटकर श्रीलंका की पूरी टीम को 49.2 ओवर में 244 पर समेट दिया।

बंगलादेश की ओर से तसकीन अहमद ने 47 रन देकर चार विकेट और तंजीम हसन साकिब ने 46 रन देकर तीन विकेट लिये। तनवीर इस्लाम और नजमुल शान्तो ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, व्यापारियो से सॉरी बोलने एसपी ऑफिस पहुंचे

Wed Jul 2 , 2025
शिवपुरी। दो दिन पहले कोर्ट रोड पर एक व्यापारी के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में शहर के व्यापारी एसपी दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी अमन सिंह राठौर से सुरक्षा बढ़ाने की गुहार लगाई। व्यापारियों का आरोप था कि इस घटना में […]

You May Like