भोपाल, 30 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष को लेकर मंगलवार तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के संबंध में पार्टी के राज्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से आज विधिवत अधिसूचना जारी कर दी गयी।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का स्थान लेंगे, जाे पांच वर्षों से अधिक समय से इस पद का दायित्व संभाल रहे हैं।
अधिसूचना के अनुसार आज इस संबंध में विधिवत सूचना जारी होने के साथ ही राज्य निर्वाचक मंडल की सूची का प्रकाशन भी कर दिया गया। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए एक जुलाई को शाम साढ़े चार बजे से साढ़े छह बजे तक नामांकनपत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके अगले एक घंटे के दौरान नामांकनपत्रों की जांच होगी। यदि एक ही नाम आया, तो उसे अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।
माना जा रहा है निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान एक ही नाम पर सहमति बनने की संभावना है। फिलहाल बैतूल जिले से विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम प्रमुखता से इस पद के लिए सामने आ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के दौरान एक से अधिक प्रत्याशी के नामांकनपत्र आने पर चुनाव या मतदान अगले दिन यानी दो जुलाई को सुबह 11 बजे से दो बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद मतों की गिनती के साथ ही नतीजा घोषित कर दिया जाएगा। हालाकि मतदान की संभावना नहीं के बराबर है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया विधिवत होगी और किसी एक नेता के ही निर्विरोध निर्वाचन की पूरी संभावना है।

