
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अंतर्गत बाणसागर नहर बघवार के समीप आज रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक अज्ञात युवक का शव तैरता दिखाई दिया।
दोपहर करीब 12 बजे बारिश के चलते पानी से उफनाती नहर में शव देखकर वहां से गुजर रहे अम्बुज यादव ने तत्काल इसकी सूचना समाजसेवी तेजबहादुर सिंह को दी। तेजबहादुर ने मौके पर पहुंचकर अपनी जान की परवाह किये बिना नहर में उतरकर बहाव से संघर्ष करते हुये अज्ञात युवक के शव को बाहर निकाला। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी प्रसन्न मिश्रा ने बताया कि समाजसेवी तेजबहादुर सिंह द्वारा नहर से अज्ञात युवक के शव को बाहर निकालने के बाद उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव की शिनाख्त कराने में पुलिस लगी रही। खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अज्ञात युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या फिर किसी साजिश का नतीजा है। पुलिस द्वारा अज्ञात युवक के शव के संबंध में अन्य थानों को भी सूचना भेज दी गई है जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
