मंदिर के बाद अब महाकाल लोक में पीओपी की छत गिरी

उज्जैन। उज्जैन के महाकाल मंदिर के महालोक में भी पीओपी की छत गिरने की घटना सामने आई है। 6 दिन के अंदर ये दूसरी घटना है। हालांकि इसमें काई घायल नहीं हुआ है।

बताया जाता है कि महालोक के शापिंग कांप्लेक्स में यह घटना हुई है। इसके पहले 22 जून 2025 को महाकाल मंदिर के अंदर टनल की पीओपी छत गिर गई थी।इसके बाद अब देर रात फिर छत गिरी। शुक्रवार को मंदिर से जुड़े सुरक्षाकर्मी, कर्मचारी वहां पहुंचे तो घटना की जानकारी लगी। शापिंग कांप्लेक्स के बरामदे में दिन के वक्त काफी संख्या में दर्शनार्थी धूप-बारिश से बचने के लिये मौजूद रहते हैं। शुक्र है घटना देर रात में हुई, उस वक्त वहां कोई नहीं था। अगर यही हादसा दिन में होता तो लोग इसकी चपेट में आते। कांप्लेक्स में बारिश होते ही अंदर पानी टपकने लगता है। इसी कारण पीओपी गिरी है। महाकाल लोक का कांप्लेक्स शहर का सबसे महंगा कांप्लेक्स है। महंगा होने के कारण अधिकतर दुकानें अभी शुरू भी नहीं हो पाई है। इतने महंगे कांप्लेक्स के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अब सामने आने लगी है। महाकाल मंदिर समिति के अधिकारी इस संबंध में फिलहाल कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। क्योंकि अब उन्हें भी सामने दिख रहा है कि अब तक हुए निर्माण में कहीं नहीं कहीं कमी जरूर है। इसलिए इतने कम समय में ही टनल व फेसेलिटी सेंटर की पीओपी पानी से गलकर गिर रही है। हालांकि निर्माण कार्यों की जांच चल रही है। कुछ दिन बाद इसमें रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।

Next Post

दादाजी धाम पर मंदिर निर्माण भूमि पूजन स्थल

Sat Jun 28 , 2025
खंडवा। छोटे दादा जी की आज्ञा अनुसार बड़े दादाजी के आशीर्वाद एवं इच्छा के अनुरूप अयोध्या में भगवान रामलला के भव्य मंदिर निर्माण की तर्ज पर वर्षों बाद दादाजी धाम पर संगमरमर पत्थर का भव्य मंदिर निर्माण का योग 30 जून को बना है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने […]

You May Like