सियासत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की नियुक्ति की तैयारियां पूरी हो गई हैं. एक-दो दिन में धर्मेंद्र प्रधान के आने का कार्यक्रम तय हो जाएगा. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद का चुनाव कराने के लिए प्रभारी बनाए गए हैं. सूत्रों का कहना है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का नाम फिर से अध्यक्ष बनने की पैनल में रखा गया है. इसका कारण उनका बेहतरीन संगठनात्मक और चुनावी प्रदर्शन है.
हालांकि माना यही जा रहा है कि इस बार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष कोई गैर सवर्ण बनेगा, लेकिन सूत्रों का कहना है कि संघ की मध्य क्षेत्र इकाई की ओर से वीडी शर्मा को भी एनओसी है. यानी भाजपा नेतृत्व यदि वीडी का कार्यकाल जारी रखना चाहे तो संघ को आपत्ति नहीं होगी. इधर,भाजपा ने भले ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होल्ड पर रखा हो, लेकिन पार्टी संगठन की गतिशीलता ज्यों की त्यों है.
अधिकृत जानकारी के अनुसार गांव-बस्ती चलो अभियान 7 अप्रैल से प्रारंभ हुआ है जो 13 तक चलेगा. इसके अंतर्गत कार्यकर्ता गांवों, मोहल्लों और सेवा बस्तियों का दौरा करेंगे. इसके अलावा 13 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ता बाबा साहब की प्रतिमाओं की सफाई करेंगे. संध्या के समय दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा और सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. इस दिन भाजपा कार्यकर्ता संविधान का सामूहिक पाठ करेंगे.
