
छिंदवाड़ा। जिले के हर्रई वन परिक्षेत्र में वन अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन से भरा ट्रक जब्त किया है। ट्रक में 5 नग सागौन के लट्ठे भरे थे, जिनकी कीमत लगभग ₹70,556 आंकी गई है। यह कार्रवाई पूर्व वनमंडलाधिकारी एल.के. वासनिक के निर्देशों पर चल रही रात्रिकालीन गश्त के दौरान हुई।
पश्चिम हर्रई वन अमले को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक एमपी 40 सीडी 7233 में अवैध रूप से सागौन की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने ग्राम बुढैना के पास वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसे पीछा कर ग्राम जमुरिया के पास पकड़ लिया गया।
वन अमले ने ट्रक की तलाशी में अवैध सागौन के लट्ठे पाए और तुरंत ट्रक सहित लकड़ी जब्त कर ली। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी पी.एस. वास्केल, सहायक सुदीप धुर्वे समेत कई अन्य कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
