
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए गए आह्वान को शिरोधार्य करते हुए इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। महापौर ने निर्णय लिया है कि वे भविष्य में सप्ताह में एक दिन अपनी आधिकारिक कार का त्याग कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट या ई-व्हीकल (इलेक्ट्रिक वाहन) का उपयोग करेंगे। इस पहल के माध्यम से उनका उद्देश्य शहर में प्रदूषण कम करना और नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन के प्रति प्रोत्साहित करना है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत रूप से इस नियम का पालन करेंगे और प्रयास करेंगे कि सप्ताह में एक दिन को पूरी तरह नो कार डे के रूप में अमल में लाया जाए। गौरतलब है कि इंदौर स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी शहर रहा है और पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से ‘नो कार डे’ मनाता आ रहा है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाला इंदौर भारत का एकमात्र शहर है, और अब महापौर की इस व्यक्तिगत सहभागिता से इस अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
