भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को छह विकेट से हराया

हाेव (वार्ता) कनिष्‍क चौहान (तीन विकेट), अम्रबिश, हेनिल पटेल और मोहम्मद एनान (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अभिज्ञान कुंडु (नाबाद 45), वैभव सूर्यवंशी (48) रनों की शानदार पारियों की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को पहले एकदिवसीय यूथ मुकाबले में इंग्लैंड को 156 गेंदे शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

आज यहां इंग्लैंड की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे 42.2 ओवर में 174रन पर ढे़र हो गई। इंग्लैंड के लिए रॉकी फ्लिंटॉफ ने (56) और इसाक मोहम्‍मद (42) रनों की पारी खेली। बीजे डॉवकिंस (18), बेन मेयस (16) और जेम्‍स मिंटो (10) रन बनाकर आउट हुये। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे इंग्लैंड के शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। भारत की ओर से कनिष्‍क चौहान ने तीन विकेट लिये। अम्रबिश, हेनिल पटेल और मोहम्मद एनान को दो-दो विकेट मिले।

175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने आतिशी बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए पहले विकेट के लिये 7.3 ओवर में 71 रन जोड़े। पहले विकेट के रूप में आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों में (48) रन बनाकर आउट हुये । उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्के और तीन चौके लगाये। भारत का दूसरा विकेट आयुष म्हात्रे (21) के रूप में गिरा। विहान मल्‍होत्रा (18), मौलयारजसिंह चावड़ा (16) रन बनाकर आउट हुये। अभिज्ञान कुंडु और राहुल कुमार की जोड़ी ने पांचवे विकेट के लिए 55 रनों की अविजित साझेदारी कर भारत को 24वें ओवर में चार विकेट पर 178 रन बनाकर छह विकेट से जीत दिला दी। अभिज्ञान कुंडु ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंदों में (नाबाद 45) और राहुल कुमार ने (नाबाद 17) रनों की पारी खेली।

इंग्लैंड की ओर से एएम फ्रेंच ने दो विकेट लिये। जैक होम और एलफी एलबर्ट ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

उमराव जान के अंदाज़ में एक बार फिर से नजर आयीं रेखा, बटोरी सुर्खियां

Sat Jun 28 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड सदाबाहर अभिनेत्री रेखा ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘उमराव जान’ की विशेष री-रिलीज़ स्क्रीनिंग में एक बार फिर अपने उमराव जान की अवतार में नज़र आयीं। रेखा ने सफेद सिल्क की साड़ी, गजरा और अपनी वही नज़ाकत भरी अंदाज़ से एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। […]

You May Like