नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) सरकार ने कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के बल्लारी-गुंटकल रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दे दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।उन्होंने बताया कि यह लगभग 46 किमी लंबी मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना 2028-29 तक पूरी की जाएगी और इसे प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाएगा। परियोजना पर 1,264 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परियोजना कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तीन जिलों को कवर करेगी तथा इससे करीब 99 गांवों के लगभग सात लाख लोगों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इसके अलावा बल्लारी किला और श्री कुमारस्वामी मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी बेहतर होगी। सरकार के अनुसार यह रेलखंड लौह अयस्क, डोलोमाइट, चूना पत्थर, लोहा एवं इस्पात, कोयला, उर्वरक और खाद्यान्न जैसी वस्तुओं के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण है। परियोजना पूरी होने के बाद प्रतिवर्ष लगभग 16.22 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई की क्षमता विकसित होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना से रेल परिचालन अधिक सुगम होगा, लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी तथा लगभग 1.32 करोड़ लीटर ईंधन की बचत और 6.67 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है।

