भाजपा-आरएसएस की सोच संविधान विरोधी : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 27 जून (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी-भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ-आरएसएस की विचारधारा संविधान विरोधी है इसलिए बार बार नये संविधान की मांग की जाती रही है लेकिन अब इसी विचारधारा के लोगों ने सीधा हमला करते हुए संविधान की प्रस्तावना से समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष शब्द हटाने की मांग शुरु कर दी है।

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा आरएसएस की संविधान विरोधी सोच अब खुलकर सामने आ गयी है इसलिए आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने संविधान की प्रस्तावना में बदलाव करने की मांग की है। श्री होसबोले का कहना है कि संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द को हटाया जाए।

पार्टी ने कहा कि यह बाबा साहेब के संविधान को खत्म करने की साजिश है और आरएसएस भाजपा हमेशा यही साजिश करती रही है। जब संविधान लागू हुआ था तो आरएसएस ने इसका विरोध करते हुए संविधान को जलाया था। पिछले लोकसभा चुनाव में तो भाजपा नेताओं ने खुलकर कहा कि उन्हें संविधान बदलने के लिए संसद में 400 के पार सीट चाहिए लेकिन जनता उनकी साजिश समझ गई थी इसलिए जनता ने ही उनको सबक सिखाया। अब एक बार फिर वे साजिश करने में जुट गये हैं, लेकिन कांग्रेस किसी कीमत इनके मनसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “आरएसएस ने कभी भी भारत के संविधान को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया। उसने 30 नवंबर 1949 से ही डॉ. अंबेडकर, नेहरू और संविधान निर्माण से जुड़े अन्य लोगों पर हमले किए। स्वयं आरएसएस के शब्दों में, यह संविधान मनुस्मृति से प्रेरित नहीं था।”

उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा ने बार-बार नये संविधान की मांग उठाई है और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यही चुनावी नारा था। लेकिन भारत की जनता ने इस नारे को निर्णायक रूप से खारिज कर दिया। फिर भी, संविधान के मूल ढांचे को बदलने की मांग लगातार आरएसएस इकोसिस्टम द्वारा की जाती रही है। भारत के मुख्य न्यायाधीश ने स्वयं 25 नवंबर 2024 को उसी मुद्दे पर एक फैसला सुनाया था जिसे आरएसएस के एक प्रमुख पदाधिकारी ने अब फिर उठाया है। आरएसएस भाजपा के लोगों को उस फैसले को पढ़ना चाहिए।

 

Next Post

राजनाथ ने बेलारूस, तजाकिस्तान और कजाकिस्तान के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की

Fri Jun 27 , 2025
नयी दिल्ली 27 जून (वार्ता) बेलारूस, तजाकिस्तान और कज़ाकिस्तान ने भारत के साथ क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, सैन्य तकनीकी सहयोग, सैन्य शिक्षा तथा साझा हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के […]

You May Like