इंदौर:साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर 75 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को एक दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और खाते से रकम ट्रांसफर कराने का दबाव बनाया. महिला की बेटी को आशंका होने पर राज्य साइबर सेल से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर ठगी की कोशिश नाकाम कर दी.
साइबर सेल एसपी स्वसाच्यी सराफ ने बताया कि कल्याण संपत कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला बैंक में वरिष्ठ पद पर पदस्थ अपनी बेटी के साथ रहती हैं.
बेटी के बैंक जाने के बाद महिला के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया. कॉलर ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए महिला को डराया कि उनके बैंक खाते में धोखाधड़ी के छह करोड़ रुपए क्रेडिट हुए हैं. जांच के नाम पर नोटिस में दिए नंबरों के वेरिफिकेशन का हवाला देते हुए कॉलर ने महिला को किसी अन्य का कॉल रिसिव न करने की हिदायत दी और लगातार वीडियो कॉल पर बनाए रखा.
पूरे समय वीडियो कॉल पर बना रहा ठग
एसपी ने बताया कि कॉलर ने महिला से एटीएम की जानकारी मांगी. एटीएम नहीं होने पर उसने दबाव में आकर बेटी से एटीएम की फोटो मंगवाई. बेटी उस समय मीटिंग में थी और बाद में देने की बात कही. इस पर कॉलर ने महिला को धमकाते हुए बैंक जाकर आरटीजीएस के जरिए चार लाख रुपए ट्रांसफर करने के निर्देश दिए और किसी को भी इस बारे में न बताने की चेतावनी दी. पूरे समय ठग वीडियो कॉल पर रहा और मोबाइल को बैग में रखकर डिसकनेक्ट न करने के निर्देश देता रहा. जब महिला कैनरा बैंक पहुंचीं और शाखा प्रबंधक से चार लाख रुपए आरटीजीएस करने को कहा तो शाखा प्रबंधक ने उनके पुत्र से बात की, जो स्वयं भी बैंक में वरिष्ठ पद पर हैं. पुत्र ने तत्काल ट्रांजेक्शन से मना किया और बहन को जानकारी दी. इसी दौरान बेटी ने राज्य साइबर सेल से संपर्क कर डिजिटल अरेस्ट की आशंका जताई.
पुलिस ने संदिग्ध नंबर ब्लॉक कर महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया
एसपी सराफ के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में निरीक्षक अंजू पटेल को तत्काल बैंक भेजा गया. उन्होंने महिला का मोबाइल लेकर साइबर ठगों द्वारा कैमरे से निगरानी की जा रही स्थिति को बंद करवाकर संदिग्ध नंबर ब्लॉक कराया गया और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई गई. इसके बाद महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया. साइबर सेल द्वारा बुजुर्ग महिला की काउंसलिंग कर उन्हें अनजान कॉल और वीडियो कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी. समय रहते कार्रवाई होने से महिला के खाते से कोई भी राशि ट्रांसफर नहीं हो सकी
