इंदौर: रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ती यातायात और पार्किंग अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए रेलवे पुलिस ने संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की. बैठक में स्टेशन परिसर में दो पहिया, चार पहिया वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग, पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था और ऑटो टैक्सी संचालन को लेकर ठोस निर्णय लिए.
जीआरपी थाने में आयोजित बैठक में रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते उत्पन्न हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. संकरे मार्गों, बार-बार लगने वाले जाम और यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए सभी एजेंसियों के बीच समन्वित कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. बैठक में तय किया कि पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पार्किंग एरिया और एप्रोच रोड पर कर्मचारियों की नियमित तैनाती रहेगी. गलत पार्किंग पर सख्त रोक लगाई जाएगी और ऑटो, टैक्सी व निजी वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही सीमित समय के लिए खड़ा करने की अनुमति होगी.
हमारी सवारी भरोसे वाली के लिए अलग ऑटो स्टैंड बनेगा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हमारी सवारी भरोसे वाली क्यूआर युक्त ऑटो के लिए अलग ऑटो स्टैंड विकसित किया जाएगा, जहां ऑटो चालक वर्दी में लाइन से खड़े रहेंगे. ऑटो चालकों द्वारा रखी गई समस्याओं पर अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिलाया. तय किया कि कोई भी ऑटो चालक सड़क पर यात्रियों को रोककर भीड़ नहीं लगाएगा, वहीं यात्रियों को अपनी सुविधा से ऑटो चुनने की स्वतंत्रता रहेगी. इसके साथ ही स्टेशन परिसर में पिक एंड ड्रॉप, नो पार्किंग और ऑटो स्टैंड से संबंधित रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाए जाएंगे. पीक आवर्स और ट्रेनों के आने-जाने के समय अतिरिक्त स्टॉफ एवं बैरियर लगाए जाएंगे.
