
आलीराजपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा के रंग–राष्ट्र के संग गतिविधि के तहत खेल परिसर आलीराजपुर में विशाल ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया गया। कैबिनेट मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री श्री नागर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 2 हजार बच्चों ने सहभागिता करते हुए करीब 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में संस्कृति , प्रकृति , परम्परा एवं विकास पर आधारित यह रंगोली की भव्य आकृति बनाई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने बच्चों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन एवं मेहनत की सराहना की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभिनव गतिविधि की प्रशंसा करते हुए बच्चों के उत्साह और सहभागिता को सराहनीय बताया।
बैतूल विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने भी ह्यूमन रंगोली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह रंगोली भविष्य के भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती है। बच्चों की एकजुटता, सामूहिक सहभागिता एवं रचनात्मकता इस आयोजन की विशेष उपलब्धि है।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम , अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
