जॉर्जिया, जॉर्जिया के बाटुमी एयरपोर्ट पर तुर्की और इजरायली फुटबॉल समर्थक आमने-सामने आ गए। झंडे लहराने और नारेबाजी के बीच तनाव बढ़ा। आखिर दोनों देशों के प्रशंसकों के बीच विवाद क्यों भड़का?
जॉर्जिया के बाटुमी एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तुर्की और इजरायल के फुटबॉल समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों देशों के प्रशंसकों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंचने की नौबत आ गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों को बीच में आना पड़ा। खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी हुई थी और इसी वजह से दोनों क्लबों के समर्थक एयरपोर्ट पर मौजूद थे। वहां का माहौल कुछ वैसा ही तनावपूर्ण हो गया, जैसा भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मुकाबलों के दौरान देखने को मिलता है।
झंडे लहराने और नारेबाजी से बढ़ा तनाव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुर्की के क्लब बेसिकटास के समर्थकों ने एयरपोर्ट पर झंडे लहराते हुए इजरायली प्रशंसकों पर तंज कसे। इसके जवाब में हापोएल बीयरशेवा के समर्थकों ने इजरायल का राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। स्थिति हाथापाई तक पहुंचती, उससे पहले सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों समूहों को अलग कर दिया।
बेसिकटास के कुछ प्रशंसकों की ओर से इजरायल विरोधी नारे लगाए जाने की भी खबर है। हालांकि, इजरायली क्लब के खिलाड़ियों और स्टाफ को पहले से ही सुरक्षा के बीच अलग कमरे में रखा गया था। उनका एयरपोर्ट पर हुए विवाद से कोई संबंध नहीं बताया गया है।
फुटबॉल मैच में भी देखने को मिला था तनाव
दोनों क्लबों के बीच मुकाबला गुरुवार को जॉर्जिया के बाटुमी में खेला गया था। तुर्की में इजरायली टीमों के खिलाफ राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी तनाव के चलते मुकाबले के लिए जॉर्जिया को चुना गया था।
मैच के दौरान करीब 20 हजार बेसिकटास समर्थक स्टेडियम में मौजूद थे, जबकि हापोएल बीयरशेवा के लगभग 400 प्रशंसकों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। मुकाबले से पहले तुर्की समर्थकों ने फिलिस्तीनी झंडे लहराए और इजरायल विरोधी नारे लगाए। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच से पहले एक-दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया।
मैदान पर खिलाड़ियों और कोच के बीच हुई बहस
मैच के 21वें मिनट के आसपास बेसिकटास के मिडफील्डर सालिह ओज़कान और हापोएल बीयरशेवा के कोच रैन कोज़ुच के बीच साइडलाइन पर टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति को संभालने के लिए कुछ देर तक खेल रोकना पड़ा। बाद में मुकाबला दोबारा शुरू हुआ, जिसमें बेसिकटास ने 2-1 से जीत हासिल की।
