जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह ’अन्नू’ एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम जबलपुर द्वारा ’स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता अभियानों की श्रृंखला निरंतर जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को संभाग क्रमांक 03 गौरीघाट वार्ड के अंतर्गत गौरीघाट पर ’रिवर टाउन असेसमेंट’ के मानकों के तहत एक विशाल महा-श्रमदान अभियान चलाया गया।
नगर निगम की टीम के साथ जॉय हायर सेकेंडरी स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों और एन.सी.सी. कैडेट्स ने कंधे से कंधा मिलाकर माँ नर्मदा के तटों की सफाई की। हाथों में झाड़ू और कचरा संग्रहण बैग लिए इन स्वच्छता प्रहरियों ने घाटों के चप्पे-चप्पे को स्वच्छ बनाया।श्रमदान के दौरान विद्यार्थियों और निगम की टीम ने घाट पर मौजूद नागरिकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए तीन महत्वपूर्ण संदेश दिए, गीला, सूखा और हानिकारक कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालें, रसोई के कचरे से घर पर ही खाद बनाने की तकनीक को अपनाएं, पर्यावरण के सबसे बड़े दुश्मन ’सिंगल यूज प्लास्टिक’ का त्याग करें।
स्वच्छता की शपथ के साथ समापन
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी जनों ने एक स्वर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। सभी ने संकल्प किया कि वे न केवल स्वयं गंदगी नहीं फैलाएंगे, बल्कि दूसरों को भी कचरा न करने के लिए प्रेरित करेंगे। नगर निगम के इस “रिवर टाउन असेसमेंट“ अभियान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि जन-भागीदारी इसी तरह बढ़ती रही, तो जबलपुर स्वच्छता सर्वेक्षण में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
