मुरैना, 26 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की जौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने जमीन से जुड़े एक मामले में खुद पर लगाए आरोपों को खारिज करते हुए आज कहा कि उन्होंने भूमि की विधिवत तौर से रजिस्ट्री कराई है।
श्री उपाध्याय ने यहां आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्होंने भूमि की विधिवत तौर पर रजिस्ट्री कराई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक सूबेदार सिंह सिकरवार को उन्होंने बड़े अंतर से हराया है, इसलिए वे उन पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि वे आरोप लगाने वालों पर मामला दर्ज कराएंगे।
दरअसल इसके पहले यहां के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सूबेदार सिंह सिकरवार ने आरोप लगाया था कि श्री उपाध्याय ने जौरा अनुभाग के ग्राम रसोधना में 130 बीघा शासकीय पट्टे की कृषि भूमि का बिना कलेक्टर की अनुमति के पट्टे धारियों से अवैध रूप से रजिस्ट्री कराकर कब्जा कर लिया है। उन्होंने श्री उपाध्याय पर करीब सौ बीघा चरनोई की जमीन पर भी कब्जा करने का आरोप लगया।
पूर्व विधायक ने दावा किया था कि इस संबंध में पट्टेधारियों के परिजन ने जौरा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सामूहिक रूप से शिकायत भी की है। उन्होंने मांग की थी कि मामले की जांच कर इस रजिस्ट्री को शून्य घोषित कर उसे शासकीय भूमि घोषित किया जाए।

