सामाजिक सुरक्षा पेंशन के दावों की पोल खोल रही जमीन हकीकत

इंदौर: शहर में कई पात्र वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित हैं. जमीन पर उतरी इस स्थिति से कागजी दावों और वास्तविक लाभ के बीच की दूरी उजागर होती है. इससे योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के सरकारी दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उदाहरण स्वरूप शहर के वार्ड-64 स्थित तीन इमली चौराहे के पास न्यू त्रिवेणी नगर नई बस्ती को ही लें तो यहां कई हितग्राही चक्कर लगाकर थक गए और निराश होकर बैठ गए, उनको पेंशन शुरू नहीं हो सकी.

केंद्र एवं राज्य सरकार वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित बुजुर्ग दंपती सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित कर रही हैं, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक संबल मिल सके. लेकिन वार्ड क्रमांक 64 स्थित तीन इमली चौराहे से लगे न्यू त्रिवेणी नगर नई बस्ती में इन योजनाओं की जमीनी हकीकत अलग ही नजर आई. क्षेत्र में बातचीत के दौरान एक वृद्ध महिला वृद्धावस्था पेंशन, एक दिव्यांग हितग्राही पेंशन तथा एक निराश्रित बुजुर्ग दंपती संबंधित पेंशन योजना के लाभ से वंचित मिले.

हितग्राहियों ने बताया कि कई बार आवेदन करने और संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद उनकी पेंशन स्वीकृत नहीं हो सकी. क्षेत्र में ऐसे कई पात्र हितग्राही हैं, जिनके नाम अब भी सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं. मजदूरी और अशिक्षा के कारण वे सरकारी प्रक्रिया पूरी करने में भी कठिनाई का सामना करते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब पात्र लोग ही योजनाओं के लाभ से वंचित हैं तो सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के सरकारी दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

यह बोले हितग्राही…

70 वर्ष का हो चुका हूं, तीन साल पहले पेंशन आवेदन दिया था. आज तक कोई पूछने तक नहीं आया और ना ही पेंशन शुरू हुई. संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया.
– भानाजी गोयल

एक हाथ से पूरी तरह से विकलांग हूं. दो-तीन बार पेंशन के लिए पार्षद कार्यालय गया था, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई. अब 60 वर्ष की उम्र में कब तक चक्कर लगाता रहूं.
– संतोष भालसे

60 वर्ष से अधिक पत्नी की आयु है. 65 से ऊपर मेरी आयु हो चुकी है. हमारी कोई औलाद नहीं है, जिसके लिए मैंने निराश्रित पेंशन का फॉर्म भरा था, लेकिन आज तक लाभ नहीं मिला.
– मांगीलाल बड़ोदे

Next Post

CID में कभी चोर बनकर आया था ये एक्टर, आज उसी शो में निभा रहा है पुलिस ऑफिसर का रोल

Tue Jul 21 , 2026
फेमस टीवी शो ‘सीआईडी’ में सीनियर इंस्पेक्टर अभिजीत का किरदार निभाने वाले एक्टर आदित्य श्रीवास्तव ने कभी इसी धारावाहिक में एक चोर के रोल से शुरुआत की थी। भारतीय टेलीविजन इतिहास में कुछ शो ऐसे होते हैं जो दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं। ऐसा […]

You May Like