विकसित भारत का रास्ता गांवों के विकास से होकर जाएगा : राधाकृष्णन

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कहा है कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांवों का समग्र विकास होगा।

उन्होंने कहा है कि गांवों को शहर बनाना जरूरी नहीं, बल्कि वहां अच्छी सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। देश की असली ताकत गांवों में है और ग्रामीण विकास राष्ट्रीय विकास का आधार होना चाहिए। उपराष्ट्रपति शुक्रवार को तमिलनाडु के डिंडीगुल में गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान के स्वर्ण जयंती और 39वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आत्मनिर्भरता, सादगी और समाज सेवा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। गांधीजी से प्रेरित होकर डॉ. जी. रामचंद्रन और डॉ. टी.एस. सौंदरम रामचंद्रन ने इस संस्थान की स्थापना ग्रामीण शिक्षा और विकास के लिए की थी।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में ग्रामीण आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वच्छता, खेती और डिजिटल संपर्क के क्षेत्र में प्रगति हुई है। वर्ष 2014 से 2023 के बीच करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। उन्होंने गांवों को बेहतर सड़क और परिवहन से शहरों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने स्वच्छता को सरकार के साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी बताया।

उपराष्ट्रपति ने किसानों के कल्याण को खाद्य सुरक्षा से जोड़ते हुए पीएम-किसान योजना का उल्लेख किया। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना छह हजार रुपये तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं।

विद्यार्थियों से उन्होंने नई तकनीक सीखने, रचनात्मकता और उद्यमशीलता विकसित करने तथा नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की अपील की। उन्होंने घरेलू उत्पादन, स्वदेशी तकनीक और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने को कहा।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने आध्यात्मिक नेता कुंद्राकुडी पोनंबल आदिगलार, इसरो के पूर्व वैज्ञानिक एस. नंबी नारायणन और शिक्षाविद् प्रोफेसर एस.एस.एम. सुंदरम को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की। उन्होंने संस्थान के परीक्षा एवं सेमिनार भवन और पुष्पकुंज विरासत भवन का उद्घाटन किया। साथ ही तीन परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिनमें 22 केवी बिजली घर, शिक्षा विद्यालय का शैक्षणिक भवन और 30 कक्षाओं वाला भवन परिसर शामिल हैं। उन्होंने एक पुस्तक और

स्वर्ण जयंती स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

 

Next Post

मुर्मु कल से रहेंगी महाराष्ट्र और हरियाणा के दौरे पर

Fri Oct 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार से महाराष्ट्र और हरियाणा की दो दिन की यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति महाराष्ट्र के नासिक में सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वज पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति हरियाणा के कुरुक्षेत्र […]

You May Like