ट्रैफिक के बोझ से लॉक हुईं शहर की सड़कें

सीहोर। शहर में सोमवार को गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में आ गई. श्रीगणेश मंदिर में दर्शन के लिए आसपास के शहरों से श्रद्धालु पहुंचे तो गणेश प्रतिमा और पूजन सामग्री खरीदने के लिए बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी. हरतालिका तीज के चलते महिलाओं की भी बड़ी संख्या में बाजार में आवाजाही रही. पहले से निर्माण कार्यों के कारण बंद और डायवर्ट मार्गों ने स्थिति और बिगाड़ दी. नतीजा यह रहा कि शहर की तमाम सड़कें वाहनों के दबाव में लॉक नजर आईं और प्रमुख चौराहे दिनभर जाम से जूझते रहे.

पुरानी जेल से कलेक्ट्रेट जाने वाला मार्ग निर्माण के चलते बंद है. वहीं बकरी पुल निर्माण के कारण इस मार्ग का यातायात शहर की ओर डायवर्ट होने से मनकामेश्वर मंदिर, अटल चौक सहित दूसरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया. इसके अलावा जगदीश मंदिर चौराहे समेत कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं के पंडाल बनने से सड़कें संकरी हो गईं. इसी तरह पान चौराहा, अमर टॉकीज रोड, बद्रीमहल और नमक चौराहा पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगती रहीं.

गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए बड़ा बाजार में लगाई गई दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही. प्रतिमा और पूजन सामग्री लेने पहुंचे लोगों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से बाजार में आवागमन प्रभावित हुआ. पैदल खरीदारों की भीड़ और वाहनों के दबाव के बीच कई बार स्थिति ऐसी बनी कि लोगों को निकलने तक की जगह मुश्किल से मिली.

गणेशोत्सव अभी शुरू ही हुआ है. आने वाले दिनों में पंडालों, दर्शन और आयोजनों के चलते शहर में भीड़ और बढ़ेगी. ऐसे में निर्माण कार्यों से प्रभावित मार्गों के साथ प्रमुख बाजारों और चौराहों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट की ठोस रणनीति नहीं बनाई गई तो त्योहार के दौरान शहर की रफ्तार जाम में फंसना तय है.

प्रमुख चौराहों पर तैनात हैं जवान

त्योहार के दृष्टिगत सभी प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस का बल तैनात किया गया है. हालांकि बकरी पुल और मनकामेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग का निर्माण होने के कारण शहर में यातायात का दवाब बढ़ गया है. फिर भी हम यातायात सामान्य बनाए रखने के प्रयास कर रहे हैं.

बृजमोहन धाकड़,
यातायात प्रभारी

Next Post

रिजॉर्ट की थाली में एक्सपायरी पापड़, चावल में मिले कीड़े

Tue Sep 15 , 2026
आष्टा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत को लेकर जिम्मेदार खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं. नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया तो नाना घर रिजॉर्ट में इस्तेमाल किए जा […]

You May Like