
रायसेन। बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। सुबह साढ़े 11 बजे ठंडी हवा चलने से लोग उमस से राहत महसूस करते रहे। दोपहर करीब एक बजे हल्की फुहार बरसीं,लेकिन इसका कोई असर नहीं रहा।
इधर, बोवनी कर चुके किसान खेतों में बीजों के अंकुरण के बाद उसकी वृद्धि के लिए बारिश के लिए आसमान की तरफ देख रहे हैं। वहीं कुछ किसान अब खाद के इंतजाम में लगे हैं।मौसम में धीरे-धीरे आ रहा बदलाव अब वातावरण में ठंडक घोलने लगा है। आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने से यहां हवा में ठंडक घुलने लगी है,जिससे उमस आहिस्ता आहिस्ता गायब होने लगी है। अब दिन में भी पंखा कूलरों का उपयोग अधिकांश लोग बंद कर चुके हैं। रात में भी पंखों से ही काम चल रहा है। कुछ लोग बिना पानी की कूलर चला रहे हैं। इधर खरीफ की बोवनी कर चुके किसान बेहद खुश हैं। मौसम अनुकूल होने से बोवनी जम गई है। बीजों का अंकुरण पौधों के रुप में होने लगा है। किसान रशेर सिंह लोधी करहोद लखपत सिंह, परसराम दांगी ने बताया कि पौधों की वृद्धि के लिए अब बारिश जरुरी है। किसान व सरपंच जीवन सिंह लोधी बदामी पटेल ने कहा कि अभी खाद के लिए किसान परेशान हो रहे हैं।उन्होंने कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
