20.47 करोड़ के बीईओ ट्रेजरी घोटाले में ईडी का शिकंजा

इंदौर. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अलीराजपुर जिले के कठ्ठीवाड़ा ब्लॉक शिक्षा कार्यालय (बीईओ) के 20.47 करोड़ रुपए के ट्रेजरी घोटाले और धनशोधन मामले में मुख्य आरोपी कमल राठौर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष पीएमएलए अदालत, इंदौर में पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है. अदालत ने मामले में आरोपियों को नोटिस जारी किए हैं. इस मामले में 6 करोड़ से अधिक कीमत के 56 आवासीय प्लाट भी कुर्क किए गए हैं .

ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कठ्ठीवाड़ा थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर की. जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच ब्लॉक शिक्षा कार्यालय, कठ्ठीवाड़ा से फर्जी बिलों का भुगतान स्वीकृत कराकर ट्रेजरी से 20.47 करोड़ रुपये की सरकारी राशि का गबन किया. जांच में पाया गया कि मुख्य आरोपी कमल राठौर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर सरकारी धन को अपने और परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कराया. बाद में राशि नकद निकालकर धार जिले के गंधवानी क्षेत्र में कृषि भूमि खरीदी गई.

जांच के दौरान ईडी ने आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए, बैंक खाते फ्रीज किए तथा आरोपियों की 4.43 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क कीं. इस कार्रवाई की पुष्टि 10 मार्च 2026 को पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण ने कर दी थी. आगे की जांच में पता चला कि अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई कृषि भूमि को विकसित कर श्री बालाजी धाम नामक आवासीय प्लॉटिंग परियोजना बनाई गई. ईडी का आरोप है कि इसका उद्देश्य अवैध स्रोत से अर्जित संपत्तियों की वास्तविक प्रकृति छिपाकर उन्हें वैध दर्शाना था. इसी क्रम में 23 जून 2026 को जारी अनंतिम कुर्की आदेश के तहत परियोजना के 56 आवासीय प्लॉट भी कुर्क किए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक है. ईडी इससे पहले 29 सितंबर 2025 को कमल राठौर और अन्य आरोपियों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी थी. आगे की जांच में मिले नए साक्ष्यों के आधार पर 9 जुलाई 2026 को पूरक अभियोजन शिकायत पेश की गई, जिस पर विशेष पीएमएलए अदालत ने संज्ञान लेते हुए आरोपियों को नोटिस जारी किए हैं, मामले में आगे की जांच जारी है.

Next Post

राघव जुयाल के जन्मदिन पर 'द पैराडाइज' से 'विक्रम मालिक' का नया पोस्टर जारी

Fri Jul 10 , 2026
मुंबई, 10 जुलाई (वार्ता) अभिनेता राघव जुयाल के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म ‘द पैराडाइज’ के निर्माताओं ने उनके किरदार ‘विक्रम मालिक’ का नया पोस्टर जारी किया है।निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए राघव जुयाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और लिखा कि ‘विक्रम मालिक’ के रूप […]

You May Like