
छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत ढोड़न बांध स्थल पर चल रहे प्रदर्शन के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर पहले से ही भुसोर गेट पर मेडिकल कैंप लगाकर प्रदर्शनकारियों को उपचार दिया जा रहा था।
बीते दिन जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया के अनुरोध पर स्वास्थ्य टीम डैम स्थल तक पहुंची, जहां लगभग 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, जिससे कई प्रदर्शनकारियों को राहत मिली।
हालांकि, उपचार के बाद जब टीम वापस लौट रही थी, तभी कुछ लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और लौटने में बाधा उत्पन्न की। बताया गया कि भीड़ में शामिल कुछ लोग पन्ना जिले के थे, जो माहौल को भड़काने की कोशिश कर रहे थे।
इस दौरान एक स्थानीय आशा कार्यकर्ता के पति ने सूझबूझ दिखाते हुए भीड़ को समझाया कि स्वास्थ्य टीम लोगों की मदद के लिए आई है। इसके बाद टीम सुरक्षित बाहर निकल सकी। इस पूरी घटना में स्वास्थ्य टीम ने बेहद धैर्य और कर्मठता का परिचय दिया, जिसकी सराहना की जा रही है।
