
रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में 27 जून को रतलाम में होने वाली रीजनल राइज कॉन्क्लेव के संबंध में विधायक शहर एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने रविवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कान्फ्रेस में कहा कि रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एंप्लॉयमेंट कॉन्क्लेव रतलाम के विकास की दिशा को बदलने का बहुत बड़ा कदम होगा। इसका नाम राइज रखा गया है, जिसका अर्थ उदय होता है। यह उदय मध्यप्रदेश के साथ रतलाम का भी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जब से पद्भार लिया है, उन्होंने उद्योग रोजगार को सबसे महत्वपूर्ण माना है। 2025 के वर्ष को उद्योग एवं रोजगार वर्ष घोषित किया है। पूर्व में आयोजित सभी 6 रीजनल कॉनक्लेव उद्योगों पर आधारित थे। रतलाम का कॉन्क्लेव पूरा नया प्रयोग है। इसमें कौशल विकास, रोजगार सृजन एवं औद्योगीकरण विकास पर आधारित होगा, जो तीनों एक दूसरे के पूरक हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर राजेश बाथम, एमपीआईडीसी के निदेशक राजेश राठौड सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।काश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पहली बार रतलाम में यह कॉन्क्लेव हम कर रहे है। नए प्रयोग के साथ रतलाम को हम नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। एमपीआईडीसी की ओर से निवेश क्षेत्र का निर्माण चल रहा है। पानी की व्यवस्था का कार्य चल रहा है। निवेश क्षेत्र मध्य प्रदेश से नहीं देश के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, क्योंकि यह दिल्ली-मुंबई के बीच में ऐटलेन एक्सप्रेस-वे से लगा हुआ है।
