इंदौर: नगर निगम पश्चिम क्षेत्र में चंदन नगर से एयरपोर्ट रोड को जोड़ने सड़क बनाने जा रहा है. सड़क निर्माण कार्य के निगम द्वारा टेंडर जारी कर दिया है. इस बीच चंदन नगर के रहवासी क्षेत्रीय पार्षद के साथ महापौर के पास चौड़ाई कम करने की मांग लेकर पहुंच गए. महापौर ने रहवासियों को मास्टर प्लान में 60 सड़क होना जरूरी बताया है.नगर निगम ने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद चौराहे से कालानी नगर और एयरपोर्ट को जोड़ने वाली लिंक रोड निर्माण के टेंडर जारी कर दिए हैं.
उक्त सड़क कई वर्षो से लंबित थी, जिसको मास्टर प्लान के अनुसार नगर निगम प्राथमिकता से बनाने में जुटा हुआ है. यह सड़क महापौर का ड्रीम प्रोजेक्ट भी है. उक्त लिंक रोड सड़कों लेकर पार्षद रफीक खान के साथ क्षेत्रीय रहवासी आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मिलने पहुंचे. महापौर से लिंक रोड सड़क की चौड़ाई 60 फीट से घटाकर 40 फीट करने की मांग की है. इस पर महापौर ने रहवासियों को कहा कि 60 से कम चौड़ाई मास्टर प्लान सड़क में संभव नहीं है. यह सड़क बनाना पश्चिम क्षेत्र के रहवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. इससे यातायात में राहत मिलेगी.
महापौर की दो टूक
महापौर ने चंदन नगर के रहवासियों से कहा कि मेरे पास आकर उस क्षेत्र के कुछ लोगों ने 80 फीट चौड़ाई का भी सुझाव दिया है. वहीं कुछ इसे कम करने की मांग कर रहे हैं. नगर निगम द्वारा दोनों प्रस्तावों पर विचार कर जनहित में निर्णय लिया जाएगा. महापौर ने स्पष्ट कहा कि मास्टर प्लान में न्यूनतम 60 फीट चौड़ाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में यातायात व्यवस्था और आपात सेवाओं के लिए किसी प्रकार की बाधा न आए.
चौड़ाई कम नहीं की तो सड़कों पर उतरेंगे
चंदन नगर के रहवासियों के साथ पहुंचे पार्षद रफीक खान ने मीडिया को बताया कि नगर निगम लिंग रोड और मास्टर प्लान की सड़क बता रहा है, जबकि यह सड़क दोनों उसमें भी है। चंदन नगर के सौ मकान टूटेंगे और कहीं और शिफ्ट करने की बात की जा रही है. महापौर से हमने 40 चौड़ाई करने की मांग की है. यदि मांग नहीं मानी तो, सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे.
