
सीधी, कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण तथा आमजन को निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि इस सप्ताह विकासखंड सीधी में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1 स्तर पर शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतों को अनावश्यक रूप से अगले स्तर पर भेजने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत यह प्रक्रिया सभी विकासखंडों में सतत रूप से जारी रहेगी।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के छात्रावासों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी छात्रावासों में बच्चों के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करें। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण बैठक के अंत में विभिन्न विभागों के समय-सीमा में लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई।
००
हर घर तिरंगा अभियान में दिखे व्यापक जनसहभागिता
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी विस्तृत कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित अभियान को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना के साथ व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रहे, बल्कि इसे जन-जन का अभियान बनाया जाए। अभियान के दौरान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा।
००
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में प्रात: 9 बजे आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 13 अगस्त को अंतिम ड्रेस रिहर्सल अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए तथा सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। 14 एवं 15 अगस्त को जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
००००००००००००
